कम वेतन से नाराज सफाईकर्मियों का कलेक्ट्रेट के पास जोरदार प्रदर्शन, 6 सूत्री मांगें उठाईं

नालंदा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर नगर निगम के सफाईकर्मी सड़कों पर उतर आए।

बिहारशरीफ में कलेक्ट्रेट के पास सफाईकर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार तथा नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मियों ने भाग लिया।

सफाईकर्मियों की प्रमुख मांगों में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करना, परिचय पत्र जारी करना, सेफ्टी किट समय पर उपलब्ध कराना और समान काम के बदले समान वेतन लागू करना शामिल है।

इस दौरान बिहारशरीफ नगर निगम कामगार यूनियन के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी कुंदन कुमार को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

यूनियन के महासचिव मनोज रविदास ने कहा कि एक ही तरह का काम करने के बावजूद अलग-अलग वेतन देना पूरी तरह गलत है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है।

इस प्रदर्शन में गिरियक, हरनौत, एकंगरसराय और इस्लामपुर समेत कई नगर निकायों के सफाईकर्मी शामिल हुए और अपनी आवाज बुलंद की।