मधुबनी जिले के बासोपट्टी मुख्य बाजार में नाला सफाई नहीं होने के कारण जलजमाव और गंदगी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। सुबह होते ही बाजार क्षेत्र में गंदा पानी सड़कों पर बहता नजर आया, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दुर्गंध और कीचड़ के कारण पूरे इलाके में अस्वच्छता का माहौल बन गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) द्वारा पूर्व में नाला सफाई कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन यह पूरी तरह विफल साबित हुआ। नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल गया, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय समाजसेवी (भाजपा परिवार) जितेंद्र शाह और बासोपट्टी पूर्वी के मुखिया प्रत्याशी धीरज महतो स्वयं आगे आए और सफाई कार्य की पहल की। उनके प्रयास से बाजार के कुछ हिस्सों में नालों की सफाई कराई गई, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली है।
वहीं स्थानीय निवासी राजन कुमार ने बताया कि जब इस समस्या को लेकर वर्तमान मुखिया से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके पास इस कार्य के लिए कोई योजना नहीं है, इसलिए वे सफाई नहीं करवा सकते। इस बयान के बाद लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही है।
लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और भविष्य में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो।
