पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. शारदानन्द अंचल की 16वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब

यूपी के बलिया की माटी के लाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय शारदानन्द अंचल की 16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर टाउन हॉल (बापू भवन) में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा सभागार श्रद्धा सुमन की खुशबू से सराबोर नजर आया।

अंचल जी को श्रद्धांजलि देने के लिए समाज के हर वर्ग के लोग एक मंच पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम का दृश्य इस बात का प्रमाण था कि शारदानन्द अंचल का कद सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि वे लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते थे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद सनातन पांडेय मौजूद रहे। उन्होंने अंचल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने अंचल जी के राजनीतिक जीवन, समाज सेवा और उनके संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।