मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र अंतर्गत मलमल दक्षिणी गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने जेठ और जेठानी पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए कलुआही थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदिम नदाफ के पांच संतान हैं, जिनमें तीन पुत्रियां और दो पुत्र शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नदिम नदाफ ने अपनी पुश्तैनी जमीन बड़े पुत्र रिजवान की पत्नी शाहजहां के नाम रजिस्ट्री कर दी थी। इसके बाद से छोटे पुत्र मोहम्मद नशरो और उनकी पत्नी अनवरी के साथ पारिवारिक विवाद शुरू हो गया।
पीड़िता अनवरी का आरोप है कि जेठ-जेठानी सहित परिवार के अन्य सदस्य उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं और चार छोटी बच्चियों के साथ घर छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। इस विवाद को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद उन्होंने कलुआही थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की।
फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
