नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र के ओंदा गांव के समीप रेलवे लाइन के पास लगभग 40 वर्षीय एक अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। महिला को बेहोशी की हालत में देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सारे थाना के थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मानवता का परिचय देते हुए पुलिस ने घायल महिला को थाना वाहन से तत्काल अस्थावां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया।
बाद में बेहतर इलाज के लिए महिला को पावापुरी स्थित विम्स मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और वह बोलने की स्थिति में भी नहीं है।
सारे थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस महिला की पहचान करता है या उसके परिजनों के बारे में जानकारी रखता है, तो तत्काल थाना या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि उसके परिवार तक सूचना पहुंचाई जा सके।
पुलिस महिला की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
