झारखंड विधानसभा समिति की समीक्षा बैठक में बड़ा फैसला, BCCL क्षेत्रों में ड्रोन से होगी ओवरबर्डन की मापी

झारखंड विधानसभा की विशेष समिति (प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण) ने दूसरे दिन सर्किट हाउस में बैठक कर विभिन्न उपक्रमों और विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने की। इस दौरान सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया तथा उपायुक्त आदित्य रंजन मौजूद रहे।

बैठक में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL), एफसीआई, मैथन पावर लिमिटेड, टाटा कोलियरी, HURL सहित कई संस्थानों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान BCCL के एरिया-9, एरिया-10 और एरिया-11 में सरकारी, वन भूमि एवं रैयतों की जमीन पर डंप ओवरबर्डन की मापी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

चर्चा के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन के प्रस्ताव पर ड्रोन-बेस्ड टेक्नोलॉजी से मापी कराने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने बताया कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से हाई-डेंसिटी 3डी डेटा और इमेजरी प्राप्त होगी, जिससे भूमि की सटीक माप और वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा।

समिति ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और भूमि संबंधी मामलों के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया।