मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत गैवीपुर गांव के पास बेनीपट्टी-उमगांव मुख्य सड़क पर रविवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान गैवीपुर निवासी शंकर चौधरी के पुत्र मयंक चौधरी (18 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मयंक रोज की तरह शाम को घर से दूध लेने निकला था। घर से महज 200 से 300 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मयंक को एम्बुलेंस से बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। मृतक दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटा तथा इकलौता पुत्र था। उसकी मां आंगनबाड़ी सेविका हैं, जबकि पिता दिल्ली में रहते हैं।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर कुछ समय के लिए बेनीपट्टी-उमगांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर बेनीपट्टी थानाध्यक्ष शिवशरण साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन गहरे सदमे में डूबे परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गैवीपुर गांव को झकझोर कर रख दिया है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
