बिहारशरीफ बिहार थाना क्षेत्र के महलपर मोहल्ले में रविवार देर रात मारपीट और छिनतई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की और उनके सोने के आभूषण छीन लिए। दोनों घायलों का इलाज बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल में चल रहा है।
घायलों की पहचान महलपर निवासी राजूराम (45 वर्ष) और उनकी पत्नी पिंकी देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पीड़ित राजूराम के अनुसार मोहल्ले के एक व्यक्ति ने उनकी जमीन के पास मिट्टी फेंक दी थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पहले गाली-गलौज की गई और बाद में कथित तौर पर 5 से 6 लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
राजूराम ने बताया कि शोर सुनकर उनकी पत्नी पिंकी देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। दंपति का आरोप है कि हमले के दौरान राजूराम के गले से सोने का लॉकेट और पिंकी देवी के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले को लेकर दीपक सम्राट ने बताया कि पुलिस को अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
