दानापुर में दो गुटों के बीच फायरिंग, 16 वर्षीय किशोर की मौत, दो घायल

दानापुर में दो गुटों के बीच फायरिंग, 16 वर्षीय किशोर की मौत, दो घायल

पटना/दानापुर राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र के ताराचक में रविवार शाम आपसी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुई मारपीट और गोलीबारी में एक 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान बिहटा के मुस्तफापुर निवासी स्वर्गीय विद्या राय के पुत्र नितिन कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। नितिन अपनी मां परमिता देवी के साथ ताराचक स्थित अपने ननिहाल में किराए के मकान में रह रहा था।

मृतक के मामा शिव कुमार के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे उन्हें नितिन को गोली लगने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। बेटे की मौत के बाद मां परमिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि एक वर्ष पहले सड़क हादसे में नितिन के बड़े भाई की भी मौत हो चुकी थी और अब नितिन ही परिवार का एकमात्र सहारा था।

घटना में आनंद बाजार निवासी विजय कुमार (68 वर्ष) और सन्नी कुमार भी घायल हुए हैं। विजय कुमार के हाथ में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जबकि सन्नी कुमार का इलाज सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार दोनों गुटों के बीच रविवार सुबह भी विवाद और मारपीट हुई थी। शाम होते-होते वही विवाद हिंसक झड़प और फायरिंग में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल से पुलिस ने आठ खोखे, शराब की बोतलें, लाठी और लोहे की रॉड बरामद की हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

इस संबंध में भानु प्रताप सिंह ने बताया कि एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

दानापुर में दो गुटों के बीच फायरिंग, 16 वर्षीय किशोर की मौत, दो घायल