मधुबनी में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर हमला, काफिले की गाड़ी क्षतिग्रस्त, मंत्री सुरक्षित

मधुबनी में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर हमला, काफिले की गाड़ी क्षतिग्रस्त, मंत्री सुरक्षित

मधुबनी बिहार सरकार के श्रम संसाधन, प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा रोजगार एवं कौशल विभाग के मंत्री तथा खजौली विधायक अरुण शंकर प्रसाद पर मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र के ठाहर गांव में कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में मंत्री सुरक्षित हैं, लेकिन उनके काफिले की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं उनके कुछ समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों को मामूली चोटें आने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार मंत्री अरुण शंकर प्रसाद सड़क दुर्घटना में मृत कृष्ण कुमार ठाकुर के परिजनों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने ठाहर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली तथा दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जताने लगे।

ग्रामीणों का आरोप था कि जिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई, उसका संबंध कथित रूप से शराब कारोबारियों से है और पुलिस इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रही है। मंत्री ने लोगों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण शांत नहीं हुए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने मंत्री के काफिले को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। हमले में मंत्री की गाड़ी का शीशा टूट गया और वाहन को नुकसान पहुंचा। स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद मंत्री सीधे कलुआही थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों की पहचान की गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं मनोज तिवारी भी घटना की जानकारी मिलने के बाद सक्रिय हुए और पूरे मामले की निगरानी की। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी तथा मामले को स्पीडी ट्रायल के तहत आगे बढ़ाने की तैयारी है।

घटना के बाद मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी। बाद में वह पटना के लिए रवाना हो गए।

मंत्री पर उनके ही विधानसभा क्षेत्र में हुए इस हमले के बाद इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मधुबनी में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर हमला, काफिले की गाड़ी क्षतिग्रस्त, मंत्री सुरक्षित