नालंदा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना बिहटा-सरमेरा टू-लेन (एसएच-78) पर बिंद थाना क्षेत्र के फोरलेन चौक के समीप हुई, जहां सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बिंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया।
बिंद थानाध्यक्ष मुरली आजाद ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के परिवार का कोई सदस्य लापता है या इस युवक की पहचान हो सके तो तत्काल बिंद थाना से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।
