42 डिग्री की गर्मी में गोंडा मेडिकल कॉलेज बेहाल

गोंडा उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी के बीच गोंडा मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। जिले में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच चुका है, ऐसे में मेडिकल कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग में पानी की आपूर्ति ठप होने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग में पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई बंद है। मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के लिए नगर पालिका की ओर से टैंकर खड़ा किया गया है, लेकिन लोगों का आरोप है कि टैंकर से मिलने वाला पानी भी गर्म होता है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।

मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि इतनी भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी जूझना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर मेडिकल कॉलेज छात्रावास में रहने वाले छात्रों ने भी दूषित पानी मिलने और एसी खराब होने की शिकायत की है।

छात्रों का कहना है कि गर्मी और खराब व्यवस्थाओं के कारण उनकी पढ़ाई और नींद दोनों प्रभावित हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह समस्या जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी के बावजूद बनी हुई है। अब लोगों ने जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।