रेम्की कंपनी के अंतर्गत मोहल्लों और गलियों में कचरा उठाने वाले सफाई कर्मियों ने वेतन कटौती और ओवरटाइम का भुगतान न मिलने के विरोध में शनिवार को हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के कारण सिंदरी ज़ोन समेत कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है।
सफाई कर्मियों ने बताया कि उन्हें 12,255 रुपये मासिक वेतन मिलता है, जिसमें कंपनी प्रबंधन लगातार कटौती कर रहा है। ओवरटाइम करने के बावजूद अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाता। एक सफाई कर्मी पुरुष हाड़ी ने कहा कि वह पिछले छह साल से कंपनी में कार्यरत है, लेकिन इस दौरान कई बार कहा-सुनी और दुर्व्यवहार झेलना पड़ा।
उन्होंने कहा, “हमारी मांगों पर सिर्फ आश्वासन दिया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। आज हमें बंदी की सूचना मिली, जिसके बाद सिंदरी ज़ोन का पूरा काम रोक दिया गया। हमारे सुपरवाइजर ने हड़ताल रोकने का दबाव बनाया और कहा कि लेटर भेजा जा चुका है, लेकिन पेमेंट और ओवरटाइम के मुद्दे पर कार्रवाई नहीं की गई। त्योहारों के समय भी कंपनी ने हमारा पैसा रोक लिया है।”
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक वेतन कटौती बंद नहीं होती और ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इस कारण आने वाले दिनों में क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने की आशंका है।
