पश्चिम बर्धमान मंगलवार सुबह पश्चिम बर्धमान जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक हाई-वोल्टेज छापेमारी अभियान शुरू किया। ईडी के अधिकारियों ने बुदबुद थाना के नवनियुक्त ओसी मनोरंजन मंडल के आवास पर सुबह से लगातार तलाशी अभियान शुरू किया।
खास बात यह है कि मनोरंजन मंडल ने अभी तक आधिकारिक रूप से बुदबुद थाना का कार्यभार भी ग्रहण नहीं किया था, उससे पहले ही ईडी की इस कार्रवाई ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।
सूत्रों के अनुसार, सुबह से ही ईडी की एक टीम उनके घर में मौजूद है और विभिन्न महत्वपूर्ण दस्तावेजों तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजातों की गहन जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र घर के बाहर केंद्रीय बल के जवानों को तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले मनोरंजन मंडल को निलंबित किया गया था। बाद में उन्हें आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के स्पेशल ब्रांच में तैनाती दी गई। वहीं से हाल ही में उनका तबादला बुदबुद थाना के ओसी के रूप में किया गया था। लेकिन कार्यभार संभालने से पहले ही ईडी की इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिर्फ मनोरंजन मंडल के घर ही नहीं, बल्कि पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न इलाकों में कोयला और बालू कारोबार से जुड़े कई कारोबारियों के ठिकानों पर भी एक साथ ईडी की छापेमारी चल रही है। जिले के कई हिस्सों में एकसाथ चल रही इन कार्रवाइयों से भारी तनाव और कौतूहल का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल ईडी की ओर से इस छापेमारी के पीछे की वजह और जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि जानकारों का मानना है कि यह कार्रवाई कोयला और बालू कारोबार से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और धन शोधन के मामलों की जांच के तहत की जा रही है।

