झरिया के चासनाला स्थित बीएसएल कोल डिवीजन की कोलयारी वाशरी हॉपर डंप के समीप गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। दो हाइवा की चपेट में आने से चालक शंकर वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और विभिन्न यूनियनों में भारी आक्रोश देखने को मिला, जिसके चलते मुआवजे की मांग को लेकर कोलयारी का संपूर्ण कार्य ठप कर दिया गया।

टना के दूसरे दिन शुक्रवार को सेल कोलयारी चासनाला वाशरी के जीएम कार्यालय सभागार में मृतक के परिजन, वाशरी प्रबंधन और विभिन्न यूनियन प्रतिनिधियों के बीच लंबी वार्ता हुई। घंटों चली बातचीत के बाद मुआवजे और नियोजन को लेकर सहमति बनी। प्रबंधन की ओर से मृतक की पत्नी शिला देवी को कुल 12 लाख रुपये मुआवजा, 50 हजार रुपये अंतिम संस्कार के लिए तथा मृतक के पुत्र को ठेका अंतर्गत रोजगार देने पर सहमति दी गई।
सहमति के बाद संवेदक द्वारा 10 लाख रुपये का एकमुश्त चेक और 50 हजार रुपये दाह-संस्कार हेतु परिजनों को सौंपा गया, जबकि शेष 2 लाख रुपये दो दिनों के भीतर देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। पाथरडीह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
यूनियन नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन किया गया था और वार्ता के माध्यम से सकारात्मक समाधान निकलने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया।
