- बिहार हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा
डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, कानूनी कार्रवाई की मांग
हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में बुधवार को बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतका की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के मलविगहा गांव निवासी इंदल बिंद की 32 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर वंदना कुमारी की लापरवाही के कारण महिला की जान चली गई। परिजनों ने बताया कि पिंकी देवी को पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में बंध्याकरण ऑपरेशन के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। काफी देर तक उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। परिजनों ने डॉक्टर के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
इस घटना के बाद सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

